फर्रुखाबाद:कायमगंज में हत्या कांड का खुलासा, दो आरोपी तमंचा व कारतूस सहित गिरफ्तार

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 फरवरी 2026 जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी, सर्विलांस टीम और कोतवाली कायमगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हत्या के एक मामले का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी तमंचा .315 बोर, तीन जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन आलोक सिंह के निर्देशन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज हरीश चन्दर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत की गई।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार दिनांक 24 दिसंबर 2025 को कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के ग्राम मई रशीदपुर निवासी मजदूर सोवरन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में कोतवाली कायमगंज में मुकदमा अपराध संख्या 350/25, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अज्ञात के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया था।

विवेचना के दौरान एसओजी व सर्विलांस टीम की मदद से दो आरोपियों की संलिप्तता प्रकाश में आई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने विकल उर्फ विकल्ले पुत्र आदेश राजपूत निवासी ग्राम साहिबाबाद थाना मोहम्मदाबाद जनपद फतेहगढ़ तथा सनी उर्फ दीपक राजपूत पुत्र दीप सिंह निवासी हरसिंहपुर थाना अलीगंज जनपद एटा को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में हुआ खुलासा

पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी विकल ने बताया कि 24 दिसंबर की रात वह अपने साथी जबर सिंह और सनी के साथ मोटरसाइकिल से शादी के लिए सामान लेने जा रहा था। रास्ते में एक साइकिल सवार से टक्कर हो गई, जिसके बाद दोनों पक्षों में गाली-गलौज हुई। आरोप है कि विवाद के दौरान जबर सिंह ने तमंचे से साइकिल सवार पर दो गोलियां चला दीं, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद तीनों ने शव को सड़क किनारे झाड़ियों में डाल दिया।

मामले में तीसरा आरोपी जबर सिंह पुत्र मेवाराम निवासी ग्राम रसूलपुर थाना नवाबगंज फरार है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

बरामदगी

01 देशी तमंचा .315 बोर, 03 जिंदा कारतूस .315 बोर, 01 मोटरसाइकिल सुपर स्प्लेंडर (सीज), आपराधिक इतिहास

दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध इसी हत्या प्रकरण में मुकदमा दर्ज है। अन्य आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।

संयुक्त टीम की कार्रवाई

इस सफल कार्रवाई में कोतवाली कायमगंज पुलिस, एसओजी टीम और सर्विलांस टीम के अधिकारियों व कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और शीघ्र ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।