लखीमपुर खीरी : महाशिवरात्रि पर गोला के पौराणिक शिव मंदिर पर उमड़ा भक्तों का सैलाब

गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज) महाशिवरात्रि पर्व पर रविवार को छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह 4 बजे ही मंदिर के कपाट दर्शनार्थियों के लिए खोल दिए गए। पौराणिक शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की लंबी कतार लग गई। पूरा मंदिर परिसर हर हर महादेव, बम बम भोले के जयकारों से गूंज उठा। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर मनौती मांगी। उधर कंजा बरम बाबा मंदिर, श्री राम जानकी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजन अर्चन किया। गोला कारिडोर सहित शहर के प्रमुख मंदिरों को फूल मालाओं व रंगबिरंगी लाइटों को लगाकर भव्य रूप से सजाया गया। भक्तों ने शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, दही, शहद, बेलपत्र, धतूरा, गन्ना, भांग, बेर, फल, मिष्ठान सहित विभिन्न वस्तुएं भगवान शिव को अर्पित कर अपनी मनौती मांगीं। मंदिर परिसर सहित पूरे कॉरिडोर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस वर्ष पहली बार ऐसा हुआ है जब महाशिवरात्रि पर्व पर आईजी और कमिश्नर ने गोला का निरीक्षण किया। महाशिवरात्रि पर भारी भीड़ के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए रात में एसपी डॉ ख्याति गर्ग भी गोला कारिडोर परिसर में पूरी मुस्तैदी से मौजूद रही और सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी नज़र बनाए रखी।