फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 फरवरी 2026 जन अधिकार पार्टी द्वारा जनपद की अमृतपुर विधानसभा में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से बूथ गठन अभियान तेज़ी से चलाया जा रहा है। पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार गांव-गांव जाकर बूथ स्तर पर कमेटियों का गठन कर रहे हैं, जिससे आगामी राजनीतिक गतिविधियों को मजबूती मिल सके।
इसी क्रम में पार्टी नेतृत्व ने जानकारी दी कि सांसद बाबू सिंह कुशवाहा का 22 फरवरी 2026 को जनपद हरदोई की सवाईजपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित पाली रामलीला ग्राउंड में आगमन प्रस्तावित है। कार्यक्रम में शोषित, वंचित, दलित, पिछड़े, अतिपिछड़े वर्गों के साथ-साथ किसान और मजदूर समुदाय की बड़ी भागीदारी रहने की संभावना है।
पार्टी के जिला अध्यक्ष कैप्टन प्रभात शाक्य ने सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अपने नेता के विचार सुनें और संगठन को मजबूत बनाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही पार्टी की वास्तविक ताकत है, इसलिए सभी कार्यकर्ता बूथ गठन अभियान को पूरी सक्रियता के साथ सफल बनाएं।
