T20 WC: रंग में भंग डालने की कोशिश कर रहा पाकिस्तान! पहले बांग्लादेश को उकसाया, और अब…

टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत सात फरवरी से भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होनी है। इससे पहले विवादों की झड़ी सी लग गई है। पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने भारत में खेलने से इनकार किया, जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (आईसीसी) ने उन्हें बाहर करते हुए स्कॉटलैंड को जगह दी। अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी अपनी टांग अड़ा रहे हैं। उन्होंने सोमवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के साथ बैठक की और विश्व कप पर चर्चा की। नकवी ने बताया कि पाकिस्तान के विश्व कप में खेलने पर शुक्रवार या अगले सोमवार तक फैसला लिया जा सकता है। इस बीच बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने पाकिस्तान पर बड़ा हमला बोला है। बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बांग्लादेश को उकसाने के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया है। उनका मानना है कि पाकिस्तान बेवजह इस विवाद में घुस रहा है। समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए शुक्ला ने कहा, ‘पाकिस्तान बिना किसी वजह के इस मामले में दखल दे रहा है और बांग्लादेश को भड़का रहा है। पाकिस्तान ने बांग्लादेशियों पर जो ज़ुल्म किए हैं, वह सब जानते हैं और अब वे उन्हें गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, जो पूरी तरह गलत है।’