फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 जनवरी 2026 सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में आज ब्लॉक बढ़पुर में ग्राम प्रधानों एवं पंचायत सचिवों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत एवं यातायात प्रभारी श्री सत्येन्द्र कुमार द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक बढ़पुर के 23 ग्राम प्रधानों ने सहभागिता की।
बैठक में अवगत कराया गया कि शासन के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा माह का आयोजन 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक किया जा रहा है। परिवहन आयुक्त महोदया द्वारा पंचायती राज विभाग को निर्देशित किया गया है कि ब्लॉक स्तर पर ग्राम प्रधानों की बैठक आयोजित कर उन्हें सड़क सुरक्षा अभियान से जोड़ा जाए। इसी क्रम में ग्राम प्रधानों को अपने-अपने ग्राम में ग्राम सड़क सुरक्षा समिति के अंतर्गत “सड़क सुरक्षा अग्रदूत” के रूप में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
एआरटीओ-प्रवर्तन श्री सुभाष राजपूत ने बताया कि यातायात पुलिस से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में जनपद फर्रुखाबाद में कुल 490 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 284 लोगों की मृत्यु हुई। जबकि वर्ष 2024 में 390 दुर्घटनाओं में 213 लोगों की मृत्यु हुई थी। इस प्रकार वर्ष 2025 में दुर्घटनाओं की संख्या में 25.64 प्रतिशत तथा मृतकों की संख्या में 33.33 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में हिट एंड रन की 109 दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 89 लोगों की मृत्यु तथा 81 लोग घायल हुए। वहीं वर्ष 2024 में हिट एंड रन की 66 घटनाओं में 43 लोगों की मृत्यु हुई थी। यह आंकड़े सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीरता को दर्शाते हैं।
बैठक में यह भी बताया गया कि वर्ष 2025 में पुलिस विभाग द्वारा 42,481 चालान किए गए तथा 187 वाहन बंद किए गए, जिससे 18.92 लाख रुपये प्रशमन शुल्क वसूला गया। परिवहन विभाग द्वारा 4,155 चालान किए गए और 1,018 वाहन बंद किए गए, जिनसे 219.33 लाख रुपये प्रशमन शुल्क की वसूली की गई। इसके अतिरिक्त सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑन रोड सेफ्टी के निर्देशों के अनुपालन में 265 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए।
जनपद में 19 दिसंबर 2025 से 17 जनवरी 2026 तक “नो हेल्मेट, नो पेट्रोल” अभियान भी चलाया जा रहा है। ग्राम प्रधानों से अपील की गई कि वे अपने गांवों में सड़क सुरक्षा बैठकें आयोजित कर ग्रामीणों को ओवरलोडिंग न करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, गति नियंत्रित रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
बैठक में विशेष रूप से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में रिफ्लेक्टिव टेप एवं रिफ्लेक्टर लगवाने पर जोर दिया गया, ताकि रात्रि के समय होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
एआरटीओ द्वारा राह-वीर योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा 21 अप्रैल 2025 से राह-वीर योजना प्रारंभ की गई है, जो 31 मार्च 2026 तक प्रभावी रहेगी। इस योजना के अंतर्गत घातक दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाने पर घायल के जीवित रहने की स्थिति में 25,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
साथ ही हिट एंड रन मोटर दुर्घटना पीड़ित मुआवजा योजना-2022 के अंतर्गत अज्ञात वाहन से हुई दुर्घटना में मृत्यु पर 2 लाख रुपये तथा गंभीर रूप से घायल होने पर 50 हजार रुपये मुआवजा दिए जाने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी ग्राम प्रधानों एवं पंचायत सचिवों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई तथा जनपद फर्रुखाबाद को दुर्घटना मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया।
