फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 जनवरी 2026 सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिलाधिकारी फर्रुखाबाद श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में शुक्रवार, 17 जनवरी 2026 को सीपी ग्लोबल एकेडमी, सकवाई में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत एवं एआरटीओ-प्रशासन कृष्ण कुमार यादव द्वारा विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में बताया गया कि शासन के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा माह 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक मनाया जा रहा है। एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने जानकारी दी कि दिसंबर 2025 तक जनपद फर्रुखाबाद में कुल 490 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 284 लोगों की मृत्यु हुई, जबकि दिसंबर 2024 तक 390 दुर्घटनाओं में 213 लोगों की मृत्यु हुई थी। उन्होंने बताया कि लगभग 65 प्रतिशत दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन शामिल हैं तथा मृतकों में लगभग 60 प्रतिशत दोपहिया वाहन सवार हैं।
एआरटीओ-प्रवर्तन ने अवयस्कों द्वारा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने पर कड़ी कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि मोटर वाहन संशोधन अधिनियम 2019 की धारा 199(क) के तहत ऐसे मामलों में संरक्षक या वाहन स्वामी को दोषी माना जाएगा। इसके अंतर्गत 3 वर्ष तक का कारावास, 25 हजार रुपये तक का जुर्माना, वाहन का एक वर्ष के लिए पंजीकरण निरस्त तथा 25 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक ड्राइविंग लाइसेंस न बनाए जाने का प्रावधान है।
कार्यक्रम में उपस्थित 478 छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे विद्यालय आने वाले ऑटो, ओमनी वैन, बस आदि वाहनों की जानकारी विद्यालय को दें, ताकि परिवहन विभाग द्वारा उनकी फिटनेस जांच कराई जा सके। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा से संबंधित साहित्य भी वितरित किया गया। बच्चों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं वाहन चालकों/परिचालकों ने यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली।
एआरटीओ-प्रशासन कृष्ण कुमार यादव ने विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास पर बल देते हुए अनुशासन, समयबद्धता, कर्तव्यनिष्ठा एवं सहयोग जैसे गुणों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अच्छे संस्कार न केवल व्यक्तिगत विकास बल्कि समाज की उन्नति के लिए भी आवश्यक हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अमित चौहान सहित समस्त शिक्षण स्टाफ उपस्थित रहा। इसके उपरांत एआरटीओ-प्रवर्तन एवं एआरटीओ-प्रशासन द्वारा मोहम्मदाबाद क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में जाकर स्कूल बसों का निरीक्षण किया गया, जिसमें कमियां पाए जाने पर दो बसों के संबंध में नोटिस जारी किए गए।
