फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 जनवरी 2026 जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद द्वारा मेला श्री राम नगरिया में संचालित लीगल एड क्लीनिक का मंगलवार को अपर जिला जज/सचिव श्री संजय कुमार VI ने निरीक्षण किया। यह निरीक्षण दोपहर लगभग 12:30 बजे किया गया।
निरीक्षण के दौरान लीगल एड क्लीनिक पर तैनात अधिकार मित्र धन देवी एवं रजनीश कुमार उपस्थित पाए गए। अपर जिला जज/सचिव श्री संजय कुमार VI ने उपस्थित पराविधिक स्वयंसेवकों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं एवं सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि आम जनता को निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान श्री संजय कुमार VI ने प्री-लिटिगेशन विवादों के निस्तारण के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जन उपयोगी सेवाओं से संबंधित विवाद उत्पन्न होने पर न्यायालय में मुकदमा दायर करने से पूर्व प्री-लिटिगेशन स्तर पर उसे स्थायी लोक अदालत में प्रस्तुत किया जा सकता है। इस प्रक्रिया में विपक्षी पक्ष को नोटिस जारी कर बुलाया जाता है।
स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष एवं सदस्यों की पीठ द्वारा दोनों पक्षों की बैठक आयोजित कर सुलह-समझौते के माध्यम से विवाद का समाधान कराया जाता है। यदि सुलह-समझौते से विवाद का समाधान नहीं हो पाता है, तो स्थायी लोक अदालत द्वारा गुण-दोष के आधार पर निर्णय पारित किया जाता है।
उन्होंने बताया कि स्थायी लोक अदालत द्वारा पारित निर्णय के विरुद्ध किसी अन्य न्यायालय में अपील नहीं की जा सकती, केवल उच्च न्यायालय में रिट याचिका दाखिल की जा सकती है। यह निर्णय सिविल कोर्ट की डिक्री के समान लागू कराया जा सकता है। स्थायी लोक अदालत में एक करोड़ रुपये तक के मामलों का निस्तारण किया जाता है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि वे सुलह-समझौते के आधार पर अपने विवादों का समाधान कराना चाहते हैं, तो अपने जनपद की स्थायी लोक अदालत के कार्यालय अथवा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करें।
अंत में उन्होंने नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 एवं टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-419-0234 की जानकारी भी दी।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल सुरेंद्र कुमार, अधिकार मित्र धन देवी, रजनीश कुमार, विकास कुमार, हेमंत कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
