गोला गोकर्णनाथ : ( द दस्तक 24 न्यूज ) गोला गोकर्णनाथ में स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर तीर्थ पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में समाज, संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।
सम्मेलन के मुख्य वक्ता मिथिलेश जी, क्षेत्र बौद्धिक प्रमुख (पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र) ने कहा कि हिंदू धर्म केवल पूजा पद्धति नहीं, बल्कि जीवन जीने की समग्र कला है। उन्होंने हिंदू समाज की एकजुटता को विश्व शांति एवं मानव कल्याण के लिए आवश्यक बताया। कुटुंब प्रबोधन, मातृशक्ति की भूमिका, स्वदेशी, मातृभाषा, पारिवारिक संवाद और धार्मिक-सांस्कृतिक संस्कारों पर उन्होंने विशेष बल दिया।
उन्होंने नागरिक कर्तव्यों और पर्यावरण संरक्षण पर बोलते हुए अनुशासन, जल संरक्षण, पॉलीथिन के त्याग एवं प्रदूषण रोकने को प्रत्येक नागरिक का दायित्व बताया। डॉ. हेडगेवार के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने संगठन, अनुशासन और स्वाभिमान को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया।
कार्यक्रम अध्यक्ष पूज्य स्वामी केशवानंद ने कहा कि संघ ने अनेक संघर्षों के बावजूद निरंतर समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण का कार्य किया है। भविष्य के भारत के निर्माण हेतु पंच परिवर्तन को आधार बनाकर कार्य करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन श्री मुनेंद्र शुक्ल द्वारा किया गया। कार्यक्रम संयोजक श्री सुनील बाजपेई जी ने यह जानकारी दी।
लखीमपुर खीरी : गोला में विराट हिन्दू सम्मेलन, सामाजिक समरसता पर दिया गया जोर
