फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 दिसंबर 2025 सीजेएम महोदय, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा जिला कारागार एवं केन्द्रीय कारागार का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य कारागार में निरुद्ध बंदियों को दी जा रही सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करना रहा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदियों के भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई व्यवस्था, पेयजल, शौचालयों की स्थिति तथा सुरक्षा प्रबंधों का गहनता से जायजा लिया। जेल चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए बंदियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, दवाओं की उपलब्धता और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था की भी जांच की गई।
अधिकारियों ने रसोईघर का निरीक्षण कर भोजन की स्वच्छता और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल प्रशासन को बंदियों के मानवीय अधिकारों, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। साथ ही किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। अधिकारियों के इस निरीक्षण से कारागार प्रशासन में व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में सकारात्मक संदेश गया है।
