फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 दिसंबर 2025 को मिशन शक्ति के पाँचवें चरण के अंतर्गत कोतवाली फर्रुखाबाद क्षेत्र स्थित टैगोर उच्चतम माध्यमिक विद्यालय, नवाब दिलावर जंग में महिलाओं एवं बालिकाओं को सशक्त एवं जागरूक करने हेतु विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस/मिशन शक्ति टीम द्वारा छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा से संबंधित कानूनों एवं समाज में आत्मनिर्भर बनने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बालिकाओं को दैनिक जीवन में सतर्कता बरतने, किसी भी प्रकार की असहज स्थिति में बिना भय के अपनी बात रखने तथा समय पर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) आदि के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि आवश्यकता पड़ने पर इन नंबरों पर तुरंत संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा समाज में महिलाओं के प्रति जागरूकता को और सुदृढ़ करना रहा। विद्यालय प्रशासन एवं छात्राओं द्वारा इस पहल की सराहना की गई और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया गया।
