फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 दिसंबर 2025 को प्रमुख सचिव (कृषि), उत्तर प्रदेश शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी महोदय द्वारा जनपद के कृषकों को गुणवत्तायुक्त एवं निर्धारित मूल्य पर यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जनपद की समस्त तहसीलों में कृषि विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीमें गठित कर छापेमारी की कार्रवाई कराई गई।
जिला कृषि अधिकारी बी.के. सिंह ने बताया कि तहसील कायमगंज में उप कृषि निदेशक एवं अपर जिला कृषि रक्षा अधिकारी, तहसील सदर में जिला कृषि अधिकारी के साथ सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता तथा तहसील अमृतपुर में उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी सदर एवं अपर जिला कृषि अधिकारी द्वारा छापेमारी की गई।
जांच के दौरान 38 उर्वरक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए 6 संदिग्ध नमूने गुणवत्ता परीक्षण हेतु ग्रहित किए गए। वहीं, बिना किसी सूचना के प्रतिष्ठान बंद कर गायब रहने एवं अभिलेख प्रस्तुत न करने के कारण 4 उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं। संतोषजनक उत्तर प्राप्त न होने की स्थिति में लाइसेंस निरस्तीकरण के साथ विधिक कार्रवाई भी की जाएगी। ग्रहित नमूनों को जांच हेतु प्रदेश की प्रयोगशालाओं में भेजा जा रहा है, जहां अमानक पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में यूरिया की निरंतर आपूर्ति जारी है। आगामी तीन दिनों के भीतर इफको एवं सरदार यूरिया की रैक जनपद को प्राप्त होगी। वर्तमान में दिसंबर माह के लक्ष्य के सापेक्ष 106 प्रतिशत यूरिया उपलब्ध है। पीसीएफ के बफर गोदाम में आरक्षित 1350 मीट्रिक टन यूरिया समितियों एवं इफको केंद्रों पर लगातार भेजा जा रहा है। रैक से प्राप्त यूरिया को भी सीधे फुटकर विक्रेताओं तक पहुंचाया जाएगा।
किसान भाइयों से अपील की गई है कि वे आवश्यकतानुसार ही यूरिया का प्रयोग करें, जनपद में किसी भी स्थिति में यूरिया की कमी नहीं होने दी जाएगी।
निलंबित उर्वरक विक्रेताओं का विवरण—
1. मै० मिथलेश खाद एवं बीज भंडार, अरसानी, मोहम्मदाबाद – जांच के समय समुचित अभिलेख प्रस्तुत न करने पर निलंबित।
2. मै० अंकुर खाद भंडार, धीरपुर चौराहा, मोहम्मदाबाद – बिना सूचना के दुकान बंद कर गायब, निलंबित।
3. मै० जय भोले कृषि सेवा केंद्र, नगला हूसा, राजेपुर – बिना सूचना के दुकान बंद कर गायब, निलंबित।
4. मै० बालाजी खाद एवं बीज भंडार, धीरपुर चौराहा, मोहम्मदाबाद – बिना सूचना के दुकान बंद कर गायब, निलंबित।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
