फर्रुखाबाद: रामगंगा पुल पर फिर बड़ा हादसा, मक्का लदा ट्रक रेलिंग तोड़कर लटका, लंबा जाम

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 25 न्यूज़) 01 दिसम्बर 2025 सोमवार सुबह रामगंगा पुल पर एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। ललितपुर से मक्का लेकर बरेली जा रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ता हुआ आधा पुल के बाहर लटक गया। हादसा सुबह करीब 6 बजे थाना राजेपुर क्षेत्र स्थित रामगंगा पुल पर हुआ।

गनीमत रही कि ट्रक चालक और हेल्पर दोनों सुरक्षित रहे और किसी प्रकार की चोट नहीं आई। लेकिन हादसे के बाद पुल पर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य के साथ जांच-पड़ताल में जुट गई।

13 दिन से नदी में फंसा है गन्ना लदा ट्रक

रामगंगा पुल पर हादसों का यह सिलसिला थम नहीं रहा है। इससे पहले 19 नवंबर को गन्ना लदा एक ट्रक भी नियंत्रण खो बैठा था और रेलिंग तोड़ते हुए सीधे रामगंगा नदी में गिर गया था। लेकिन दुर्घटना को 13 दिन बीत जाने के बाद भी अब तक उस ट्रक को नदी से बाहर नहीं निकाला जा सका है।

लगातार हो रही घटनाओं ने पुल की सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द पुल की रेलिंग की मरम्मत कराए और घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए।