फर्रुखाबाद/कन्नौज: शिक्षक एवं स्नातक चुनाव को लेकर भाजपा की संयुक्त बैठक सम्पन्न, चुनाव प्रबंधन पर जोर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 नबम्बर 2025 आवास विकास कॉलोनी स्थित भाजपा जिला मुख्यालय पर आज फर्रुखाबाद एवं कन्नौज जनपद की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन की रणनीति तय करना और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रूप से चुनाव में जुटने के लिए तैयार करना रहा।

बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में संभल से पूर्व सांसद, वर्तमान एमएलसी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह सैनी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षक व स्नातक चुनाव पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं, जिनकी तैयारी के लिए प्रदेश नेतृत्व पहले ही निर्देश जारी कर चुका है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि—“यह चुनाव पूरी तरह प्रबंधन का चुनाव है, इसलिए बूथ स्तर पर माइक्रो प्लानिंग, अधिकतम मतदाता बनाना, लगातार संपर्क-संवाद और मतदान के दिन अधिकतम मतदान सुनिश्चित करना ही जीत की कुंजी है।”

सैनी ने कार्यकर्ताओं को महाविद्यालयों व विद्यालयों में जाकर मतदाता बनाने का कार्य तेज़ करने और टीम बनाकर कार्य विभाजन करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी कॉलेजों की सूची तैयार कर समय रहते अधिक से अधिक संभावित मतदाताओं को जोड़ना होगा।

पिछला रिकॉर्ड कायम रखने का लक्ष्य: एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह

एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पिछली बार शिक्षक और स्नातक चुनाव में फर्रुखाबाद जनपद से भाजपा को रिकॉर्ड मत प्राप्त हुए थे। उन्होंने आह्वान किया कि कार्यकर्ता इस बार भी अधिक संख्या में मतदाता बनाकर इस उपलब्धि को और मजबूत करें।

लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने की आवश्यकता: क्षेत्रीय संयोजक आनंद सिंह

इस चुनाव के क्षेत्रीय संयोजक व कन्नौज के पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद सिंह ने कहा कि इस चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए लक्ष्य तय कर अधिक से अधिक मतदाता जोड़ना ही प्रमुख जिम्मेदारी है।

बैठक में मौजूद प्रमुख कार्यकर्ता

बैठक में जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, सुनील रावत, कन्नौज के पूर्व जिलाध्यक्ष विपिन द्विवेदी, राजीव सिंह ठाकुर, सुनील सिंह, आनंद गुप्ता, मुकेश पांडे, हरिनाथ सिंह राजपूत, अनुराग गुप्ता, सुशील पांडे तथा फर्रुखाबाद से जिला उपाध्यक्ष रश्मि दुबे, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, डॉ. अभिषेक सिंह, पूर्व महामंत्री संदीप शाक्य, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, जिला मंत्री अभिषेक बाथम व विकास पांडे सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रभारी मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह का कार्यक्रम

जनपद के प्रभारी मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह आज फतेहगढ़ पहुंचे। उन्होंने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में कोर कमेटी की बैठक ली। बैठक में सांसद मुकेश राजपूत, भोजपुरी विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, अपना दल जिलाध्यक्ष रिंकू कटियार, जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे।

प्रभारी मंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुना और उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।