फर्रुखाबाद: गौवंश संरक्षण और पशुपालन को बढ़ावा देने हेतु मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने दिए कड़े निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 नवम्बर 2025 उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना की अध्यक्षता में आज लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में मंत्री खन्ना ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गायों को हरा चारा उपलब्ध कराया जाए और उनकी नस्ल सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि एक-दो लीटर दूध देने वाली गायों को लोग आवारा न छोड़ें, बल्कि उनके पालन की उचित व्यवस्था करें।

मंत्री ने कहा कि सर्दी के मौसम में गायों के बचाव के लिए विशेष प्रबंध किए जाएं और गौशालाओं में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि गाय के गोबर का सदुपयोग किया जाए और उच्च नस्ल की गायों के लिए सीमेन निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि टीकाकरण समय से हो ताकि पशु स्वस्थ रहें और किसानों को महंगी दवाओं पर खर्च न करना पड़े। निम्न नस्ल के बछड़ों का बधियाकरण कराने के निर्देश भी दिए गए। मंत्री खन्ना ने लघु पशुपालन जैसे बकरी, शूकर और मुर्गी पालन को बढ़ावा देने की बात कही ताकि किसानों की आय दोगुनी हो सके।

उन्होंने सीडीओ को निर्देशित किया कि बैंकों की बैठक बुलाई जाए और उन्हें कहा जाए कि पशुपालक कृषकों को ऋण वितरण में उदारता बरती जाए।

बैठक के दौरान एक शिकायत पर मंत्री ने तुरंत संज्ञान लिया — एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी गाय के तीन थन खराब हो गए हैं। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बीमारी का सही उपचार सुनिश्चित किया जाए ताकि शिकायत का निस्तारण हो सके।

मंत्री खन्ना ने कहा कि “पशु सेवा हमारा कर्तव्य ही नहीं, पुण्य का कार्य भी है।” उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा एक गाय पर ₹40,000 और दो गायों पर ₹80,000 का अनुदान दिया जाएगा, ताकि गोपालक उत्साहित हों। साथ ही अन्य प्रदेशों से गिर नस्ल की गाय लाने पर होने वाला खर्च भी सरकार वहन करेगी।

बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे नियमित निरीक्षण करें और पशुपालन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करें।