फर्रुखाबाद:जिलाधिकारी ने किया “स्वदेशी मेला – 2025” की तैयारियों का निरीक्षण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अक्टूबर 2025 जनपद में आगामी यू०पी० इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 “स्वदेशी मेला” की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने गुरुवार को क्रिश्चियन इंटर कॉलेज ग्राउंड का निरीक्षण किया। यह मेला 09 अक्टूबर से 18 अक्टूबर 2025 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले सहित प्रदेशभर के उद्यमी, स्वदेशी उत्पादक और व्यापारी भाग लेंगे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पंडाल व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, प्रकाश, पेयजल तथा स्वच्छता से संबंधित तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने आयोजन समिति एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए कि मेले में आने वाले आगंतुकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि “स्वदेशी मेला” प्रदेश सरकार के “आत्मनिर्भर भारत” और “लोकल फॉर वोकल” के अभियान को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे जिले के कारीगरों, हस्तशिल्पियों और स्थानीय उद्यमियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर मिलेगा।

बताया गया कि मेले में विभिन्न विभागों, उद्योगों और स्वयं सहायता समूहों के सैकड़ों स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां हस्तनिर्मित वस्तुएँ, कृषि उत्पाद, कपड़े, खाद्य सामग्री और घरेलू उपयोग की वस्तुएँ प्रदर्शित की जाएंगी।

मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन की सभी व्यवस्थाएँ 9 अक्टूबर से पहले पूरी कर ली जाएँ ताकि मेला सुचारू रूप से संचालित हो सके।