फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 सितम्बर 2025 कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति एवं जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैंकों के सीडी रेशियो की समीक्षा की गई, जिसमें कई बैंकों का प्रदर्शन बेहद खराब पाया गया।
बैठक में इंडियन बैंक का सीडी रेशियो सबसे कम 17 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं बैंक ऑफ बड़ौदा का 27 प्रतिशत, केनरा बैंक का 32.38 प्रतिशत, इंडियन ओवरसीज बैंक का 32.61 प्रतिशत, पंजाब नेशनल बैंक का 32.92 प्रतिशत, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का 34.74 प्रतिशत तथा आईडीबीआई बैंक का सीडी रेशियो 38.06 प्रतिशत पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और एसएलबीसी को कार्रवाई के लिए पत्र लिखने के निर्देश दिए।
फसल ऋण और योजनाओं की समीक्षा
फसल ऋण एवं कृषि ऋण में भी सभी बैंकों का सीडी रेशियो संतोषजनक नहीं रहा। बैठक में एलडीएम द्वारा जानकारी दी गई कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में 1,93,668, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में 7,52,280 और अटल पेंशन योजना में 1,15,092 नामांकन हुए हैं।
लंबित आवेदनों पर निर्देश
जिलाधिकारी ने सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं से जुड़े सभी लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ODOP (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े लंबित मामलों को तुरंत निस्तारित करने का आदेश दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, पीडी डीआरडीए, पीओ डूडा, एलडीएम समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
