फर्रुखाबाद: प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जहानगंज में चिकित्साधिकारी का मोबाइल चोरी।

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 सितम्बर 2025 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जहानगंज में शुक्रवार सुबह एक बड़ी लापरवाही के बीच मोबाइल चोरी की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार सीएचसी की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. कल्पना राजपूत सुबह लगभग 8 बजे अपनी कार से अस्पताल पहुंचीं। इस दौरान अस्पताल परिसर में पेंटिंग का कार्य चल रहा था। निरीक्षण के समय उन्होंने अपना मोबाइल फोन कार के ऊपर रख दिया और अस्पताल के कार्यों में व्यस्त हो गईं। इसी बीच किसी अज्ञात युवक ने मौके का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी कर लिया।

अस्पताल परिसर में लगे एएनएम ज्योत्सना के आवास पर सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध स्कूटी सवार युवक दिखाई दिया, जिस पर चोरी का शक जताया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष राजेश राय ने बताया कि मोबाइल नंबर पर कॉल करने पर फोन स्विच ऑफ मिला। फिलहाल पुलिस ने मोबाइल की तलाश के लिए सर्विलांस टीम की मदद लेनी शुरू कर दी है। गौरतलब है कि प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. कल्पना राजपूत, तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत की पुत्री हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।