फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 सितम्बर 2025 कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आईजीआरएस (जन शिकायत निवारण प्रणाली) निस्तारण से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने आवेदकों से संपर्क न करने वाले अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए स्पष्ट कहा कि यह अनुशासनहीनता है और इसे अपराध की श्रेणी में माना जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अब प्रत्येक अधिकारी शत-प्रतिशत आवेदकों से वार्ता सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि जिन अधिकारियों के प्रकरणों में आवेदकों से संवाद का अभाव पाया जाएगा, उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी और इसकी जिम्मेदारी सीधे संबंधित अधिकारी की होगी।
बैठक में सीडीपीओ मोहम्मदाबाद, एक्सईएन जल निगम ग्रामीण, एक्सईएन विद्युत, एक्सईएन आवास विकास सहित अन्य अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे प्रतिदिन कार्यालय पहुंचकर सबसे पहले आईजीआरएस की जांच करें। शिकायतों का निस्तारण स्वयं की निगरानी में गुणवत्तापूर्ण ढंग से करें तथा सभी शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित करें।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि यदि कोई संदर्भ संबंधित अधिकारी से संबंधित नहीं है तो उसे उसी दिन या अधिकतम अगले दिन वापस कर दिया जाए। साथ ही, शिकायत डिफाल्टर होने से पाँच दिन पूर्व ही स्पष्ट व गुणवत्तापूर्ण आख्या अपलोड की जाए।उन्होंने दोहराया कि आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और शिथिलता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिनकी लापरवाही से जिले की रैंकिंग प्रभावित होगी, उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही तय है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
