फर्रुखाबाद:डीएम आशुतोष द्विवेदी ने किया परंपरागत अंत्येष्टि स्थल का निरीक्षण, विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 सितम्बर 2025 जिला अधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने आज ग्राम पंचायत सोता बहादुरपुर स्थित परंपरागत अंत्येष्टि स्थल का भ्रमण किया। यह स्थल न केवल जनपद फर्रुखाबाद, बल्कि आसपास के कई जनपदों के लिए भी प्रमुख अंत्येष्टि स्थल है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी महोदय को अवगत कराया कि जनपद का सबसे अधिक उपयोग होने वाला यह एकमात्र स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में अंत्येष्टि क्रियाएं संपन्न होती हैं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी महोदय ने पाया कि समाजसेवियों के सहयोग से पहले से ही यहां शवदाह स्थल, सामुदायिक शौचालय और सराय जैसी आवश्यक सुविधाओं का निर्माण कराया गया है। उन्होंने स्थल का गहन परीक्षण कर अभियंताओं को निर्देशित किया कि आवश्यक मदों का मापन कर विकास कार्यों के लिए विस्तृत प्राक्कलन शीघ्र तैयार किया जाए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी फर्रुखाबाद विनोद कुमार गौड़, उप जिलाधिकारी सदर रजनीकांत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड), सहायक अभियंता सिंचाई, सहायक अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, जिला पंचायत राज अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं सचिव भी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि परंपरागत अंत्येष्टि स्थल के विकास कार्य प्राथमिकता से पूरे किए जाएंगे ताकि यहां आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सम्मानजनक माहौल में अंतिम संस्कार की परंपराएं संपन्न हो सकें।