फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 सितंबर 2025 कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में मंगलवार को जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में गौवंश आश्रय स्थलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गौशालाओं की स्थिति और प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नए निर्धारित फार्मेट पर समय से सूचनाएं उपलब्ध कराएं तथा सभी निरीक्षण आख्या पोर्टल पर दर्ज करें। उन्होंने यह भी कहा कि मृत गौवंश की जानकारी तत्काल पोर्टल पर अपलोड की जाए।
डीएम द्विवेदी ने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी गौशाला में गौवंश कीचड़ में न रहे। इसके लिए आवश्यकता अनुसार गौशालाओं में प्लेटफॉर्म का निर्माण कराया जाए। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी के शिथिल पर्यवेक्षण पर नाराजगी जताते हुए उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने साफ किया कि गौवंश संरक्षण एवं देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
