फर्रुखाबाद में जल्द दौड़ेंगी 10 इलेक्ट्रिक बसें, चार्जिंग स्टेशन निर्माण को लेकर तेज़ी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अगस्त 2025 जनपद के लोगों के लिए एक बड़ी सौगात जल्द ही हकीकत बनने जा रही है। फर्रुखाबाद सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी के प्रयासों से जिले को 10 इलेक्ट्रिक बसें मिलने जा रही हैं। यह परियोजना पूर्व में परिवहन मंत्री व विभागीय अधिकारियों के साथ हुई बैठक में प्रस्तावित की गई थी, जिसे स्वीकृति भी मिल चुकी है।

विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि —फर्रुखाबाद शहर और आसपास के क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर, पर्यावरण अनुकूल और आधुनिक बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए आवश्यक तैयारियाँ की जा रही हैं।

इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से पहले सबसे बड़ी आवश्यकता चार्जिंग स्टेशन की है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने ARM रोडवेज और एक्सईएन (Ex-En) इलेक्ट्रिसिटी विभाग को ऑन साइट स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जल्द से जल्द चार्जिंग स्टेशन का निर्माण शुरू किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा।

विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि —

चार्जिंग स्टेशन के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित कर शीघ्र कार्य प्रारंभ करें।

विद्युत आपूर्ति, ट्रांसफॉर्मर और तकनीकी ढांचे की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और साप्ताहिक रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

क्या होगा लाभ?

पर्यावरण संरक्षण: डीजल की जगह बिजली से चलने वाले वाहन वायु प्रदूषण को कम करेंगे।

कम लागत: इन बसों की परिचालन लागत पारंपरिक बसों की तुलना में काफी कम होगी।

यात्रियों को राहत: शहर और आसपास के क्षेत्रों में सुलभ और सस्ती यात्रा सुविधा मिलेगी।

जल्द ही चार्जिंग स्टेशन का कार्य प्रारंभ होते ही इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की प्रक्रिया भी तेज़ी से आगे बढ़ेगी। यह कदम जिले में सतत विकास और हरित परिवहन नीति की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।