फर्रुखाबाद:कृषि यंत्रों की बुकिंग हेतु ई-लाटरी से हुआ चयन, जिलाधिकारी ने दिए सुझाव

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अगस्त 2025 आज कलैक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में “कृषि यंत्रीकरण योजनाओं” के अन्तर्गत कृषि यंत्रों व स्माल गोदामों की बुकिंग हेतु ई-लाटरी प्रक्रिया आयोजित की गई। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, प्रगतिशील कृषक और बुकिंग करने वाले किसान उपस्थित रहे।

इस ई-लाटरी प्रक्रिया में कुल 38 कृषि यंत्रों के लिए 138 आवेदन प्राप्त हुए थे। निर्धारित प्रक्रिया के तहत कृषि विभाग के पोर्टल से लाटरी निकाली गई, जिसमें विभिन्न विकास खंडों के किसानों का चयन हुआ। ई-लाटरी के माध्यम से चयनित यंत्रों में रोटावेटर, लेज़र लैंड लेवलर, पॉवर चाफ कटर, स्ट्रॉ रीपर, आलू डिगर, पोटैटो प्लांटर, ट्रिपल (तेलहन), स्माल गोदाम, हारो, ऑयल मिल सहित अन्य यंत्र शामिल रहे।

बैठक में उपस्थित अधिकारीगण:

श्री विनोद कुमार गौड़ – मुख्य विकास अधिकारी

श्री अरविन्द मोहन मिश्र – उप कृषि निदेशक

श्री राघवेन्द्र सिंह – जिला उद्यान अधिकारी

श्री सुधीर कुमार गुप्ता – जिला गन्ना अधिकारी

डॉ. अभिमुन्य – वरिष्ठ वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केन्द्र

श्री आर.के. राठौर – जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक के प्रतिनिधि

श्रीमती ज्योति चौधरी – जिला सूचना विज्ञान अधिकारी

कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक ने बताया कि सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन, इन-सीटू फसल अवशेष प्रबंधन एवं अन्य योजनाओं के अंतर्गत कृषकों द्वारा विकास खंडवार यंत्रों की बुकिंग की जाती है। यदि लक्ष्य से अधिक आवेदन आते हैं, तो लाटरी की प्रक्रिया अपनाई जाती है।

चयनित किसानों को जिलाधिकारी की शुभकामनाएं

जिलाधिकारी श्री द्विवेदी ने चयनित किसानों को बधाई देते हुए उन्हें उच्च गुणवत्ता वाले यंत्र खरीदने और उनका अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने का सुझाव दिया। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे इन यंत्रों को व्यक्तिगत उपयोग के साथ-साथ अन्य किसानों को किराये पर उपलब्ध कराकर सामूहिक कृषि उन्नयन में सहयोग करें।

इस ई-लाटरी से पारदर्शिता और तकनीक के समुचित उपयोग का उदाहरण प्रस्तुत हुआ, जिससे किसानों को योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के प्राप्त हो रहा है।