फर्रुखाबाद:फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर निकाली गई जागरूकता रैली, सीएमओ व शिक्षकों ने मांगा जनसहयोग।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 अगस्त 2025 फाइलेरिया जैसी लाइलाज और घातक बीमारी के समूल उन्मूलन हेतु फर्रुखाबाद में जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में बुधवार को रामानंद बालिका इंटर कॉलेज से एक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें छात्राओं, शिक्षकों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।

रैली के माध्यम से लोगों से अपील की गई कि वे फाइलेरिया से बचाव की दवा का सेवन अवश्य करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। रैली में प्रधानाचार्य रीता दुबे, अध्यापिका बबली, पूजा, अनन्या, उन्नति, पुरुषोत्तम शुक्ला सहित पीसीआई से अनुपम मिश्रा और दर्जनों छात्राएं मौजूद रहीं।

फाइलेरिया उन्मूलन में जनसहभागिता आवश्यक —सीएमओ

रैली के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अवनींद्र कुमार ने कहा, “फाइलेरिया जैसी बीमारी का उन्मूलन सिर्फ सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए जनसहयोग अनिवार्य है। हर व्यक्ति को आगे आकर अपने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।”

मैंने खाई,आप भी खाएं-फाइलेरिया को जड़ से मिटाएं—रीता दुबे

विद्यालय की प्रधानाचार्य रीता दुबे ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने पिछले वर्ष विद्यालय में बूथ लगवाकर न केवल सभी छात्राओं बल्कि पूरे स्टाफ को दवा का सेवन कराया था।

 “यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है, इससे किसी प्रकार का नुकसान नहीं होता। मैं स्वयं इसे खाती हूं और दूसरों को भी प्रेरित करती हूं। हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम अपने जान-पहचान के कम से कम पाँच लोगों को यह दवा जरूर दिलवाएं।”

10 अगस्त से 28 अगस्त तक चलेगा अभियान

डॉ. सर्वेश यादव (वीवीडी नोडल अधिकारी) ने बताया कि फाइलेरिया एक साइलेंट किलर है, जो बिना लक्षणों के शरीर को धीरे-धीरे प्रभावित करता है। समय पर दवा का सेवन कर इससे बचा जा सकता है।

★जिला मलेरिया अधिकारी नौशाद अली ने जानकारी दी कि इस वर्ष 10 अगस्त से 28 अगस्त तक चलने वाले फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर 2 वर्ष से अधिक आयु के सभी व्यक्तियों को दवा खिलाएंगे। यह दवा हर वर्ष एक बार दी जाती है और यह फाइलेरिया से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।

फाइलेरिया के लक्षण:

बुखार, बदन में खुजली

जननांगों में दर्द व सूजन

हाथ-पैरों में असामान्य सूजन

अंडकोषों की सूजन (हाइड्रोसिल)

“हाथी पांव” जैसी सूजन

फाइलेरिया से बचाव के उपाय:

मच्छरों से बचाव करें, पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें

घर और आसपास सफाई रखें, पानी जमा न होने दें

समय-समय पर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करें

नीम या सरसों के तेल का प्रयोग करें

घाव को साफ रखें, संक्रमण से बचाएं

समाज की भागीदारी से ही सफल होगा अभियान

फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से मिटाने के लिए जरूरी है कि हर नागरिक इस अभियान को अपनाए। दवा का एक बार सेवन न केवल व्यक्ति को बल्कि पूरे समाज को सुरक्षित करता है। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और शिक्षकों ने आह्वान किया कि हम सभी मिलकर इस बीमारी को जड़ से मिटाने का संकल्प लें।