फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 अगस्त 2025 ज़िलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर जिले के बाढ़ प्रभावित गांवों में चिकित्सा विभाग द्वारा विशेष हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य बाढ़ से प्रभावित लोगों को त्वरित चिकित्सा सहायता और जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराना है। हेल्थ कैंप का नेतृत्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनींद्र कुमार एवं उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव रंजन गौतम ने किया। उनकी टीम ने बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा कर लोगों के स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें आवश्यक दवाइयों का वितरण किया।
डॉ. अवनींद्र कुमार ने बताया कि बाढ़ के कारण जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है, ऐसे में ओआरएस, बुखार, संक्रमण और त्वचा रोगों से संबंधित दवाओं का विशेष वितरण किया गया है। ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया और स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी गई।
डॉ. राजीव रंजन गौतम ने कहा कि प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है और चिकित्सा टीम गांव-गांव जाकर लोगों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध करा रही है। स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से न केवल बीमार लोगों की जांच की जा रही है, बल्कि उन्हें तत्काल इलाज भी मुहैया कराया जा रहा है।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की इस त्वरित कार्रवाई और सेवा के लिए आभार प्रकट किया और कहा कि ऐसे समय में प्रशासन का यह कदम राहत पहुंचाने वाला है। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य प्राथमिकता है। चिकित्सा विभाग, राजस्व विभाग और अन्य प्रशासनिक इकाइयाँ समन्वय के साथ राहत कार्यों में जुटी हुई हैं।
