फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 31 जुलाई 2025 स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ उत्तर प्रदेश के जिला अध्यक्ष नीरज कुमार वाल्मीकि के नेतृत्व में संघ प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने वार्ड संख्या 2 व 21 में कार्यरत ठेका सफाई कर्मचारियों को हटाए जाने पर गहरी नाराजगी जताई।
ज्ञापन में बताया गया कि इशा पुत्री दिलीप, बृजेश पुत्र राजेश और अनीता पत्नी मूलचंद विगत कई समय से सफाई कार्य में पूरी निष्ठा से कार्यरत थे, लेकिन उन्हें बिना किसी पूर्व सूचना के हटा दिया गया है। इसके साथ ही जून 2025 का वेतन भी रोक दिया गया है, जिसकी जानकारी पूर्व में भी संगठन द्वारा अधिशासी अधिकारी को दी जा चुकी है।
जिला अध्यक्ष नीरज कुमार वाल्मीकि ने मांग की है कि सभी प्रभावित कर्मचारियों को 48 घंटे के भीतर कार्य पर पुनः बहाल किया जाए और उनका लंबित वेतन तत्काल दिया जाए। संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन 1 अगस्त 2025 को नगर पालिका कार्यालय में धरना-प्रदर्शन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन और जिला प्रशासन की होगी।
ज्ञापन देने के दौरान राधेश्याम वाल्मीकि (जिला महामंत्री), शिवम कुमार (नगर अध्यक्ष), नंदकिशोर (उपाध्यक्ष) तथा प्रमोद कुमार (जिला मीडिया प्रभारी) भी उपस्थित रहे।
