फर्रुखाबाद में संयुक्त चेकिंग अभियान: बिना रॉयल्टी के संचालित तीन ओवरलोड ट्रक सीज, लाखों का जुर्माना

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 जुलाई 2025 जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर जिला प्रशासन ने खनन एवं परिवहन नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई करते हुए आज बघार क्षेत्र में एक सघन चेकिंग अभियान चलाया। जिला खनन अधिकारी श्री संजय प्रताप तथा एआरटीओ प्रवर्तन श्री सुभाष राजपूत के नेतृत्व में यह औचक कार्रवाई सुबह से ही शुरू की गई।

इस अभियान के दौरान तीन ऐसे ओवरलोड ट्रक पकड़े गए, जिनकी खनन विभाग में रॉयल्टी जमा नहीं थी। तीनों ट्रकों को सेंट्रल जेल पुलिस चौकी पर सीज कर दिया गया। खनन विभाग द्वारा इन वाहनों पर कुल ₹1,43,600 का जुर्माना लगाया गया, वहीं परिवहन विभाग द्वारा ₹85,000 का अतिरिक्त जुर्माना लगाया गया।

इसके अलावा एक अन्य ओवरलोड ट्रक को भी बघार क्षेत्र से पकड़कर सीज किया गया, जिस पर ₹37,000 का जुर्माना लगाया गया है।

प्रशासन की यह सख्त कार्रवाई अवैध खनन एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के औचक निरीक्षण और संयुक्त चेकिंग अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।

जिला प्रशासन ने वाहन स्वामियों और ट्रांसपोर्टरों से अपील की है कि वे वैध रॉयल्टी प्रमाणपत्र तथा निर्धारित मानकों के अनुसार ही परिवहन कार्य करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।