फर्रुखाबाद,(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 जून 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में दानवीर भामाशाह जी की जयंती के उपलक्ष्य में व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन भव्य रूप से किया गया। इस अवसर पर जनपद के सर्वोच्च करदाता व्यापारियों को भामाशाह सम्मान से नवाजा गया।
कार्यक्रम के दौरान जी0एम0 किसान सहकारी चीनी मिल्स, कायमगंज एवं श्री आशुतोष त्रिपाठी, माँ विंध्यवासिनी कंस्ट्रक्शन को जिले के सर्वाधिक करदाता होने पर विशेष भामाशाह सम्मान व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इनके अलावा 14 अन्य व्यापारियों को भी अधिकतम कर देने हेतु भामाशाह प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम की एक विशेष कड़ी के रूप में लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय व्यापारी सम्मान समारोह का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया। इस दौरान फर्रूखाबाद जनपद की प्रमुख व्यवसायी मिथलेश अग्रवाल को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किए जाने पर उपस्थितजनों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सचिन यादव, संबंधित विभागों के अधिकारी और विभिन्न व्यापार मंडलों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों की समाज में महत्ता को रेखांकित करते हुए ईमानदारीपूर्वक कर देने वाले व्यवसायियों को प्रोत्साहित करना रहा, जिससे अन्य व्यापारियों में भी प्रेरणा जगे और वे भी राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
