अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन पीलीभीत में पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव के निर्देशन में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नवागत रिक्रूट आरक्षियों द्वारा सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया गया।
कार्यक्रम के दौरान योगाचार्य द्वारा उपस्थित सभी पुलिसकर्मियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान क्रियाएं कराई गईं। योगाभ्यास के दौरान सभी को शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रहने हेतु नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने योग के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि “योग मात्र एक व्यायाम नहीं, बल्कि यह जीवन शैली है जो व्यक्ति के शरीर, मन और आत्मा को संतुलित कर समग्र रूप से स्वस्थ बनाती है।” “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन निवास करता है और योग इसके लिए सबसे प्रभावशाली साधन है।”
योगाचार्य द्वारा यह भी बताया गया कि योग करने से शरीर में लचीलापन आता है, तनाव कम होता है, रक्त संचार बेहतर होता है तथा व्यक्ति में कार्य क्षमता में वृद्धि होती है। सभी पुलिसकर्मियों को नियमित योग को अपनाकर अपने दैनिक जीवन में संतुलन एवं स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया, प्रतिसार निरीक्षक सोन्तोष राघव एवं अन्य अधि0/कर्मचारीगण मौजूद रहे।
