मैनपुरी में दबंग अरविंद चौहान उर्फ लम्बू ने दुकानदार दिनेश कुमार शाक्य को मारी गोली, हुई मौत

मैनपुरी के कोतवाली क्षेत्र के गांव में बात-बात में बढ़े विवाद के बाद दुकान पर बैठे दुकानदार को हमलावर ने गोली मार दी। गोली लगने से घायल हुए व्यक्ति को परिजनों ने आनन फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सैफई रेफर कर दिया। जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई है।

मामला सदर थाना कोतवाली क्षेत्र के धारऊ गांव का है। जानकारी के अनुसार, बीते रात दो पक्षों में मामूली कहासुनी होने के बाद विवाद हो गया। कुछ ही देर में विवाद ने तूल पकड़ लिया और मारपीट होने लगी। बताया जा रहा है कि बीते रात लगभग 10 बजे दुकानदार दिनेश कुमार शाक्य (55 वर्ष) अपनी दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान मोहल्ले के आरोपी अरविंद उर्फ लम्बू से किसी बात पर उसकी कहासुनी हो गई। इतनी ही बात पर आरोपी ने दुकानदार को तमंचे से गोली मार दी। गोली दूकानदार दिनेश के पेट में लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली की आवाज सुनते ही हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की मदद से घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सैफई रेफर कर दिया। घायल की सैफई में इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया।