फ्लाईओवर से 30 फीट नीचे गिरी बोलेरो, अयोध्या से शादी समारोह से लौट रहे थे

लखनऊ में भीषण हादसा हो गया है। यहां बेकाबू बोलेरो रेलिंग तोड़ते हुए पॉलिटेक्निक फ्लाईओवर से 30 फीट नीचे गिर गई। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। सभी बोलेरो सवार अयोध्या से शादी समारोह से लौट रहे थे। हादसा देर रात एक बजे हुआ।
DCP उत्तरी सैय्यद कासिम आब्दी ने बताया, ”रात एक बजे एक बोलेरो बेकाबू होकर फ्लाईओवर से नीचे गिर गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से बोलेरो का दरवाजा तोड़कर चारों युवकों को बाहर निकाला गया। इसके बाद लोहिया अस्पताल में भर्ती करवाया।”
DCP ने बताया कि जहां एक युवक की मौत हो गई। जबकि तीन युवकों की हालत गंभीर होता देख डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। जहां दो अन्य युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान प्रांशु शुक्ला, अमित कुमार और राजकुमार के रूप में हुई है। जबकि घायल की पहचान हर्ष शुक्ला के रूप में हुई। सभी लोग लखनऊ के रहने वाले है।
उन्होंने बताया, “घायल और मृतकों के परिजनों की सूचना दी गई है। कार अमित कुमार के नाम से है। दो दिसंबर 2022 को ट्रांसपोर्ट नगर RTO में रजिस्टर हुई। हादसे के वक्त गाड़ी कौन चला रहा था। स्पष्ट नहीं है। घायल हर्ष का इलाज चल रहा है। उसके होश में आने पर ही सही वजह पता चलेगी।”