जौनपुर : घर पहुंचते ही दुल्हन ने जड़ा दूल्हे को थप्पड़

खुटहन(जौनपुर): क्षेत्र अंतर्गत लवायन गांव में रविवार को नई नवेली दुल्हन की गाड़ी द्वार पर आते ही महिलाएं मंगल गान करने लगी। दूल्हे की बहनें और भाभियां हंसी ठिठोली करती दुल्हन को गाड़ी से नीचे उतार गृह में प्रवेश की तैयारी में जुटी थी, उधर वाहन चालक भी दुल्हन उतरवाई का पद वसूल चुका था। गाड़ी का दरवाजा खुलते ही पहले दूल्हा उतरा फिर पीछे दुल्हन।अभी परछन की रश्म चल रही थी कि अचानक दूल्हन ने दूल्हे पर थप्पड़ों की बौछार कर दी। देखते ही देखते खुशी का माहौल तनाव में बदल गया। थाने पर घंटो चली पंचायत के बाद आखिरकार मामला संबंध विच्छेद पर आ गया। दुल्हन भी शादी का जोड़ा उतार सादे लिबास में वापस मायका लौट गयी। मामले के पीछे दुल्हन का किसी से पुराना प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। लवायन गांव निवासी बांकेलाल बिंद के पुत्र सुचित का विवाह खेतासराय थाना क्षेत्र के एक गांव में 20 जून को तय था। नियत तिथि को गाजे बाजे के साथ बारात खेतासराय थाना क्षेत्र के उक्त गांव निवासी दुल्हन के घर पहुंची। धूम धाम से विवाह संपन्न कराया गया। दूसरे दिन रविवार की सुबह दुल्हन बिदा होकर दूल्हे के घर पहुंची। जहाँ गृह प्रवेश के दौरान दूल्हन ने दूल्हे को कई चाटे जड़ दिए। पहले तो लोगों ने सोचा कि दुल्हन पर कोई प्रेती बाधा चल रही है। झाड़-फूंक के लिए ओझा भी बुला लिया गया। दूल्हा पक्ष का आरोप है कि उसने खुद स्वीकार किया कि उसका एक युवक से वर्षो से प्रेम प्रसंग चला आ रहा है। वह उसी के साथ रहना चाहती है। फिर वधू पक्ष के लोगों को बुलवाकर मामला थाने लाया गया। घंटो चली पंचायत के बाद भी दुल्हन राजी नहीं हुई बाद में वह दुल्हन का जोड़ा उतार सादे लिबास में वापस मायके लौट गई ।