फर्रुखाबाद: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर बेहटा निहाल में हुआ वृक्षारोपण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जून 2026 भारत के महान शिक्षाविद, राष्ट्रवादी चिंतक एवं जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस के अवसर पर मंगलवार को बेहटा निहाल गांव में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, ग्रामवासियों एवं कायमगंज रेंज के वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए तथा उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज एवं पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना हम सभी का कर्तव्य है।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। अधिक से अधिक पौधारोपण कर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों एवं कायमगंज रेंज के स्टाफ ने पौधों की नियमित देखभाल करने का भी संकल्प लिया।

Leave a Comment