फर्रुखाबाद: जहानगंज मंडल में भाजपा का प्रशिक्षण वर्ग आरंभ, संगठन की कार्यपद्धति पर हुआ मंथन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 मार्च 2026 पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान 2026 के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी द्वारा मंडलों के प्रशिक्षण वर्गों की शुरुआत कर दी गई है। इसी क्रम में शनिवार को जहानगंज मंडल का प्रशिक्षण वर्ग शिविर दरियावगंज स्थित लक्ष्मी गेस्ट हाउस में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे ने कहा कि भाजपा संगठन में प्रशिक्षण एक सतत प्रक्रिया है, जो इसे अन्य राजनीतिक दलों से अलग बनाती है। उन्होंने कहा कि संगठन में नए कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति और विचारधारा से अवगत कराया जाता है। निरंतर सीखने, आत्ममंथन करने और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने के साथ ही कार्यकर्ताओं को सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक विषयों का प्रशिक्षण दिया जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा में पद का अर्थ केवल सेवा भाव है और यही भावना संगठन को मजबूत बनाती है।

जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने प्रशिक्षण वर्ग को संगठन की विशिष्ट कार्यपद्धति का अहम हिस्सा बताते हुए कहा कि जनसंघ से लेकर अब तक पार्टी की यात्रा और विचारधारा पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी को स्वयं को कार्यकर्ता मानकर कार्य करना चाहिए, क्योंकि संगठन में पद स्थायी नहीं होते और समय-समय पर नए कार्यकर्ताओं को अवसर मिलता है।

सांसद मुकेश राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि वे सांसद बनने से पहले एक कार्यकर्ता हैं और यही भावना उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए भारत को विकसित और समृद्ध राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उदाहरण देते हुए कहा कि सेवा भाव के साथ कार्य करने से ही व्यक्ति उच्च पदों तक पहुंचता है।

जिला मंत्री अभिषेक बाजपेई ने कहा कि सभी कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा और सिद्धांतों के साथ संगठन को मजबूत करने का कार्य करें। उन्होंने जोर दिया कि सरकार द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों का प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर पर किया जाना चाहिए।

इस अवसर पर पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक वीरेंद्र सिंह राठौड़, मंडल अध्यक्ष अनुज कटिहार, पूर्व मंडल अध्यक्ष अरविंद कटिहार, शैलेंद्र सिंह राजपूत सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।