फर्रुखाबाद:हज-2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू, 20 जुलाई तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 जून 2026 हज यात्रा वर्ष 2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति, मौलाना अली मियां मेमोरियल हज हाउस, सरोजनीनगर, लखनऊ द्वारा जारी सूचना के अनुसार, hajcommittee.gov.in⁠ ने हज-2027 की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इच्छुक आवेदक 20 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

हज यात्रा के इच्छुक लोग hajcommittee.gov.in⁠� अथवा मोबाइल एप्लीकेशन “हज सुविधा” के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 22 जून 2026 से प्रारंभ हो चुकी है और 20 जुलाई 2026 तक जारी रहेगी।

जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में कुर्रा (डिजिटल रैंडम चयन) प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। चयनित प्रोविजनल हज यात्रियों को 10 अगस्त 2026 तक 1,52,300 रुपये की अग्रिम धनराशि जमा करनी होगी।

आवेदकों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पूर्व हज-2027 की नीति एवं दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर अपनी पात्रता सुनिश्चित कर लें। इसके लिए hajcommittee.up.gov.in⁠ पर भी विस्तृत जानकारी उपलब्ध है।

ऑनलाइन आवेदन के लिए मशीन पठनीय अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट, नवीन पासपोर्ट आकार का फोटो, बैंक पासबुक अथवा निरस्त चेक तथा पते का प्रमाण पत्र की स्कैन प्रति अपलोड करना अनिवार्य होगा। आवेदन की अंतिम तिथि तक जारी पासपोर्ट की वैधता कम से कम 31 दिसंबर 2027 तक होनी चाहिए।

हज समिति ने स्पष्ट किया है कि चयन के बाद सीट निरस्त कराने की स्थिति में हज-2027 की गाइडलाइंस के अनुसार जमा धनराशि में कटौती की जाएगी। इसलिए केवल वही आवेदक आवेदन करें, जो हज यात्रा के प्रति पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध हों।

प्रशासन ने वर्ष 2027 में हज यात्रा पर जाने के इच्छुक सभी लोगों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है।

Leave a Comment