कासगंज: पटियाली जिला गंगा समिति के सदस्य नवल कुलश्रेष्ठ ने पौधरोपण कर पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया

आज दिनांक 5 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद कासगंज की पटियाली तहसील स्थित दरियावगंज झील पर वन विभाग, जिला गंगा समिति एवं डब्लू डब्लू एफ के तत्वावधान में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं जिला गंगा समिति के सदस्य श्री नवल कुलश्रेष्ठ रहे। कार्यक्रम के दौरान झील परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में गंजडुण्डवारा स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गंजडुण्डवारा, श्यामसुन्दर डिग्री कॉलेज, दरियावगंज तथा डॉ. राम कुमार गायत्री देवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजा का रामपुर के छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए एक पेड़ मां के नाम 2.0 पहल के तहत वृक्षारोपण किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए निबंध प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन, स्केच निर्माण प्रतियोगिता तथा शैक्षिक भ्रमण का आयोजन किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं जल स्रोतों के संरक्षण हेतु सभी प्रतिभागियों को शपथ भी दिलाई गई।
मुख्य अतिथि श्री नवल कुलश्रेष्ठ ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं बल्कि सतत जनआंदोलन है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से अधिकाधिक वृक्षारोपण कर उनकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उच्च शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारी प्रो० एस० के० रावत ने पर्यावरण और जल संरक्षण की महत्ता पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि पानी की एक-एक बूंद को सहेजना और अपने आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ रखना आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय और विद्यार्थियों से अपील की कि वे केवल आज के दिन ही नहीं, बल्कि अपने दैनिक जीवन में भी जल संचयन और पौधरोपण को एक आदत के रूप में अपनाएं।
कार्यक्रम में भाजपा के जिला मंत्री डॉ. शिव प्रताप सिंह, डॉ. सुधीर कुमार रावत (प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय/नोडल अधिकारी उच्च शिक्षा विभाग कासगंज), सुजीत कुमार (जिला परियोजना अधिकारी, नमामि गंगे, कासगंज), यतिन सिंह (क्षेत्रीय वन अधिकारी, पटियाली), हिमांशु शर्मा (सीनियर प्रोजेक्ट ऑफिसर, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ) तथा रितेश मिश्र (पूर्व संघ प्रचारक), उपवन क्षेत्रीय अधिकारी दिनेश चंद, सेक्शन अधिकारी पंकज गौतम, सौरभ चौहान, राजेश कुमार, कपिल , पंकज यादव , मुकेश कुमार और ग्राउंड स्टाफ सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment