फर्रुखाबाद में 24 गंभीर मरीजों को मिली राहत, सांसद मुकेश राजपूत की पहल पर ₹44.12 लाख की सहायता स्वीकृत

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 अप्रैल 2026 जनपद के जरूरतमंद और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। फर्रुखाबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद मुकेश राजपूत की पहल पर 24 गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के उपचार हेतु मुख्यमंत्री राहत कोष से कुल ₹44,12,500 की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि अपने निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्येक परिवार के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। इसी क्रम में गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को यह आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया गया है, जिससे उन्हें बेहतर इलाज मिल सकेगा और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि यह सहायता न केवल मरीजों के उपचार में सहायक सिद्ध होगी, बल्कि उनके जीवन में नई उम्मीद भी जगाएगी। इस मानवीय पहल से प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल मिलने के साथ-साथ मानसिक सहारा भी मिलेगा।

सांसद ने इस अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संवेदनशील एवं जनकल्याणकारी नेतृत्व की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार के संयुक्त प्रयासों से जरूरतमंदों तक लगातार सहायता पहुंचाई जा रही है।

इस पहल को क्षेत्र में व्यापक सराहना मिल रही है और लोग इसे जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता एवं सक्रियता का उदाहरण मान रहे हैं।