पश्चिम बंगाल चुनाव में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के न्यौते पर चुनाव प्रचार के लिए पहुंचेंगे. अरविंद केजरीवाल 26-27 अप्रैल को TMC के पक्ष में प्रचार करेंगे. दूसरे चरण के चुनाव प्रचार में केजरीवाल हिस्सा लेंगे.
पश्चिम बंगाल में गुरुवार (23 अप्रैल) को पहले चरण का चुनाव हो रहा है. पहले चरण में 152 सीटों पर वोटिंग हो रही है. दूसरे चरण में बची हुई 142 सीटों पर वोटिंग होगी. पहले चरण में शाम 5 बजे तक करीब 90 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई है. इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने तमिलनाडु में सीएम एमके स्टालिन के पक्ष में चुनाव प्रचार किया था. तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर मतदान हो रहा है. शाम पांच बजे तक तमिनलाडु में 82.24 फीसदी वोटिंग हुई है.
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के तहत 142 सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होगा. पश्चिम बंगाल के 16 जिलों में मतदान से 294 सदस्यीय राज्य विधानसभा के 152 निर्वाचन क्षेत्रों में 167 महिलाओं सहित 1,478 उम्मीदवारों के चुनावी किस्मत का फैसला होगा. भीषण गर्मी में भी मतदाता सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर बड़ी संख्या में लाइन लगे नजर आए और जैसे-जैसे समय बीतता गया, वोटिंग की गति तेज होती गई.
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने गुरुवार (23 अप्रैल) को विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान दावा किया कि टीएमसी अभी से ही जीत की स्थिति में है. उन्होंने ये भी कहा, “मुझे किसी पद में कोई दिलचस्पी नहीं है. मुझे कुर्सी नहीं चाहिए. यहां चुनाव जीतने के बाद सभी विपक्षी दलों के साथ मिलकर केंद्र की सत्ता पर जीत हासिल करेंगे.”
