विराट ने IPL में 8वीं सेंचुरी लगाई, इसी के साथ उनके 7500 रन भी पूरे हो गए

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में शनिवार को 17वें सीजन का पहला शतक लगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के विराट कोहली ने 72 बॉल पर 113 रन की नॉटआउट पारी खेली। हालांकि उनकी सेंचुरी टीम के काम न आई और टीम को राजस्थान ने 6 विकेट से हरा दिया। राजस्थान से जोस बटलर ने अपने 100वें IPL मैच में शतक लगा दिया।
विराट ने IPL में 8वीं सेंचुरी लगाई, इसी के साथ उनके 7500 रन भी पूरे हो गए। वह ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बने। विराट सबसे ज्यादा IPL कैच लेने वाले प्लेयर भी बन गए। दूसरी ओर जोस बटलर शुरुआती 100 IPL मैचों में 6 सेंचुरी लगाने वाले पहले ही प्लेयर बने।

  1. विराट के 7500 रन पूरे
    RCB के विराट कोहली ने IPL में 7500 रन पूरे कर लिए हैं। उन्होंने पारी में 34वां रन बनाते ही इस रिकॉर्ड को हासिल कर लिया। वह IPL में 7500 रन बनाने वाले पहले ही बैटर बने, वह टूर्नामेंट इतिहास के टॉप रन स्कोरर हैं। विराट IPL में 242वां मैच खेल रहे थे। IPL के दूसरे टॉप स्कोरर पंजाब के शिखर धवन हैं, जिनके नाम 6755 रन हैं।
  2. विराट के नाम सबसे ज्यादा IPL शतक
    विराट कोहली ने RR के खिलाफ अपने पहला और अपने IPL करियर का 8वां शतक लगाया। टूर्नामेंट इतिहास में सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने का रिकॉर्ड पहले से विराट के नाम है। उनके बाद क्रिस गेल का नंबर है, जिन्होंने 6 IPL सेंचुरी लगाई हैं।
  3. तीसरी बार टीम के काम न आई विराट की सेंचुरी
    विराट कोहली ने 113 रन की नॉटआउट पारी खेली लेकिन उनकी पारी टीम के काम न आई। RCB ने 20 ओवर में 183 रन बनाए। 184 रन के टारगेट को राजस्थान ने 19.1 ओवर में ही हासिल कर लिया। IPL में ऐसा तीसरी बार हुआ जब विराट ने सेंचुरी लगाई और टीम को हार मिली। इस मामले में विराट पंजाब के हाशिम अमला से आगे निकले, जिनकी 2 सेंचुरी में टीम को हार मिली थी। राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन की भी 2 सेंचुरी टीम की हार में ही आईं।
  4. विराट ने पहली बार IPL में 70+ गेंदें खेलीं
    विराट कोहली ने 72 गेंदों पर 113 रन बनाए, यानी उन्होंने करीब 12 ओवर बैटिंग की। विराट के IPL करियर में ऐसा पहली बार ही हुआ है, जब उन्होंने 70 से ज्यादा गेंदें खेलीं। टूर्नामेंट की एक पारी में सबसे ज्यादा गेंदें खेलने का रिकॉर्ड ब्रेंडन मैक्कुलम के नाम है, जिन्होंने 2008 में पहले ही IPL मैच में 73 गेंदें खेलकर 158 रन बनाए थे।
  5. विराट ने लगाया सबसे धीमा IPL शतक
    विराट कोहली ने सेंचुरी पूरी करने के लिए 67 गेंदें लीं, इसी के साथ वह सबसे ज्यादा बॉल पर IPL में सेंचुरी लगाने वाले बैटर बन गए। उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 66 बॉल पर शतक लगाया था। इस रिकॉर्ड में मनीष पांडे भी विराट की बराबरी पर हैं, उन्होंने 2009 में RCB से ही 67 बॉल पर सेंचुरी लगाई थी।
  6. RCB के लिए रिकॉर्ड 18वीं सेंचुरी लगी
    विराट के 8 शतक मिलाकर अब RCB के बैटर्स टी-20 इतिहास में 18 सेंचुरी लगा चुके हैं। इनमें क्रिस गेल के 5 और एबी डिविलियर्स के 4 शतक शामिल हैं। इसी के साथ टीम टी-20 इतिहास में सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने वाली टीम बन गई। RCB ने टीम इंडिया को पीछे छोड़ा, जिनके प्लेयर्स ने 17 शतक लगाए हैं। इनमें 5 सेंचुरी के साथ रोहित शर्मा पहले और 4 सेंचुरी के साथ सूर्यकुमार यादव दूसरे नंबर पर है।
  7. IPL में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले प्लेयर बने विराट
    विराट कोहली ने शनिवार को राजस्थान के खिलाफ रियान पराग का कैच पकड़ा। इसी के साथ उनके IPL में 110 कैच हो गए और वह टूर्नामेंट इतिहास में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले प्लेयर भी बन गए। उन्होंने सुरेश रैना का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने टूर्नामेंट में 109 कैच पकड़े हैं।
  8. 100वें मैच में सेंचुरी लगाने वाले दूसरे प्लेयर बने बटलर
    राजस्थान रॉयल्स के जोस बटलर ने शनिवार को अपने IPL करियर का 100वां मैच खेला। वह 100वें मैच में सेंचुरी लगाने वाले लीग के दूसरे ही प्लेयर बने। उनसे पहले केएल राहुल ने 2022 में मुंबई के खिलाफ सेंचुरी लगाई थी। बटलर ने 58 बॉल पर 100 रन की नॉटआउट पारी खेली।
  9. 100 IPL मैचों में बटलर के नाम सबसे ज्यादा शतक
    जोस बटलर ने शनिवार को अपने IPL करियर का छठा शतक लगाया। वह महज 100वां ही मैच खेल रहे थे। इसी के साथ बटलर शुरुआती 100 IPL मैचों में सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने वाले प्लेयर बन गए। उन्होंने क्रिस गेल को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 100 IPL मैचों में 5 सेंचुरी लगाई थी।
  10. 5वीं बार एक IPL मैच में लगे 2 शतक
    IPL में ऐसा पांचवीं बार हुआ है जब एक ही मुकाबले में 2 शतक लग गए। 2016 में RCB और गुजरात के बीच मैच के दौरान विराट कोहली और एबी डिविलियर्स ने शतक लगाया था। दोनों एक ही टीम से खेले थे। 2023 में ऐसा 2 बार हुआ, जबकि 2024 में ऐसा पहली बार हुआ। एक बार 2019 में भी ऐसा हुआ था। खास बात यह भी कि पांचों मुकाबलों में RCB शामिल रहीं और इनमें 4 बार विराट कोहली ने ही सेंचुरी लगाईं।
  11. राजस्थान के दूसरे टॉप रन स्कोरर बने बटलर
    राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने शनिवार को 69 रन की पारी खेली। इस पारी के साथ ही उनके IPL करियर में 4000 रन भी पूरे हो गए। वह टूर्नामेंट में राजस्थान के टॉप रन स्कोरर हैं, उन्होंने टीम के लिए 3389 रन बनाए हैं। इस मामले में जोस बटलर दूसरे नंबर पर पहुंच गए, जिनके अब 2831 रन हो गए। उन्होंने अंजिक्य रहाणे को पीछे छोड़ा, जिनके नाम राजस्थान से 2372 रन हैं।
  12. बटलर-सैमसन ने की तीसरी सेंचुरी पार्टनरशिप
    जोस बटलर और संजू सैमसन ने RCB के खिलाफ दूसरे विकेट के लिए 148 रन की पार्टनरशिप की। टूर्नामेंट में यह दोनों के बीच तीसरी सेंचुरी पार्टनरशिप रही। RR के लिए सबसे ज्यादा सेंचुरी पार्टनरशिप में दोनों टॉप पर आ गए। इससे पहले RR के लिए ग्रीम स्मिथ और स्वप्निल अस्नोडकर ने 2 सेंचुरी पार्टनरशिप की थी।