एक्टर वरुण धवन और नताशा दलाल एक बिटिया लारा के माता-पिता हैं, जिसका स्वागत कपल ने जून 2024 में किया। हाल ही में वरुण धवन ने खुलासा किया कि उनकी बेबी गर्ल लारा को ‘डेवलपमेंटल डिस्प्लेजिया ऑफ द हिप’ (DDH) की बीमारी का पता चला था। यह एक ऐसी कंडीशन है, जिससे उसके ठीक से चलने की क्षमता पर असर पड़ा है। उपचार के बाद लारा की तबीयत कैसी है? वरुण ने यह भी बताया।
वरुण धवन ने बेटी के इलाज, ठीक होने की प्रक्रिया और इस बीमारी के बारे में खुलकर बात करने की वजह के बारे में भी जानकारी दी। ‘बी ए मैन, यार!’ (Be A Man, Yaar!) पॉडकास्ट पर बात करते हुए वरुण ने इस बीमारी के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि इस बीमारी की वजह से लारा के पैरों में असंतुलन आ गया था, जिससे उसे चलने और दौड़ने में काफी मुश्किल होती थी।
वरुण धवन ने बताया कि लारा का एक मेडिकल प्रोसीजर हुआ था। बेटी को करीब ढाई महीने तक स्पाइका कास्ट में रहना पड़ा। उन्होंने इस दौर को काफी मुश्किल बताया, खासकर इसलिए क्योंकि कास्ट लगने से पहले लारा को एनेस्थीसिया दिया गया था। एक्टर ने बताया कि अब कास्ट हटा दिया गया है और वह अभी ठीक हो रही हैं। बता दें कि स्पाइका कास्ट एक खास प्लास्टर कास्ट है, जो मुख्य रूप से बच्चों में जांघ की हड्डी के फ्रैक्चर या कूल्हे की सर्जरी (जैसे DDH) के बाद कूल्हे और पैरों को स्थिर रखने के लिए लगाया जाता है।
