उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और सहकारिता राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर ने शुक्रवार देर शाम भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की

उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और सहकारिता राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर ने शुक्रवार देर शाम भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा-भ्रष्टाचारी और आतताई गठबंधन को इस चरण में भी जनता ने शून्य पर क्लीन बोल्ड कर दिया है। हाथी, हाथ और साइकिल चारों खाने चित हो चुके हैं।
उन्होंने कहा- दूसरे चरण के मतदान के समय जनता का उत्साह देखने के लायक था। भाजपा दूसरे चरण की सभी आठ सीटों को भारी अंतर से जीत रही है। क्योंकि गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति का समर्थन भाजपा के पक्ष में है।
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा- लोकसभा चुनाव में पहले चरण के मतदान के रुझानों से नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए के पक्ष में चली लहर दूसरे चरण में और भी मजबूत हो गई है। जनता ने अब प्रदेश की सभी 80 सीटों पर कमल खिलाने का स्पष्ट मन बना लिया है। दोनों ही चरणों में जनता ने विपक्ष का सूपड़ा साफ कर दिया है।
सपा और I.N.D.I. अलायंस के झूठे प्रचार को जनता ने नकार दिया है। चुनाव की शुरुआत में ही इनके गठबंधन की हवा निकल चुकी है। जनता इनके झूठे वादों और घोषणाओं को जान चुकी है। इनके नेताओं की संदिग्ध नीयत और नीति का पर्दाफाश हो चुका है।
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा- पहले और अब दूसरे चरण की पोलिंग से साफ है कि जनता ने देश को कांग्रेस मुक्त और प्रदेश को सपा और बसपा से मुक्त करने के लिए EVM को कमलमय कर दिया है। I.N.D.I. अलायंस के नेता समाज को जातियों में बांटकर लोगों को लड़ाने की जहरीली सोच रखते हैं। अब जनता इनसे सचेत हो चुकी है। मतदान के रुझानों से अब यह साफ हो चला है कि 2014 और 2019 की तरह फिर से पश्चिम यूपी और ब्रज में कमल का फूल खिलेगा। आने वाले चरणों में भाजपा को जनसमर्थन और भी पुष्ट होता जाएगा। हम 80 की 80 सीटों को जीतने में सफल रहेंगे।