नीट परीक्षा के पेपर लीक के बाद एग्जाम रद्द होने को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार को घेर रहा है. इस बीच शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट की पूर्व सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए इसे सिस्टम प्रायोजित मर्डर बताया है.
प्रियंका चतुर्वेदी ने ये भी कहा, “यह सिस्टम की नाकामी है. इस मुद्दे पर 2024 में चर्चा हुई थी. 2024 में, इस मुद्दे को सुप्रीम कोर्ट में उठाया गया था. शिक्षा मंत्री, जो अभी भी अपने पद पर हैं, जिन्होंने कल एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए कहा था कि परीक्षा 21 जून को होगी, उन्होंने भरोसा दिलाया था कि भविष्य में इस तरह की गड़बड़ी नहीं होगी. 7 सदस्यों की एक कमेटी बनाई गई थी. उस कमेटी ने एक रिपोर्ट दी थी कि पेन-पेपर वाली परीक्षाएं नहीं होनी चाहिए, बल्कि कंप्यूटर बेस्ड एग्जाम होने चाहिए, लेकिन इस पर कोई काम नहीं हुआ.” प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा,”छात्र एक परीक्षा के लिए पूरे एक साल तक तैयारी करते हैं और यह कोई आसान परीक्षा नहीं है. यह देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक है. वे पूरी तैयारी और पूरे प्रयास के साथ आते हैं. वे दिन-रात मेहनत करते हैं और फिर उन्हें बताया जाता है कि उनके पेपर रद्द कर दिए गए हैं. क्योंकि किसी ने महाराष्ट्र में या देश में कहीं और पेपर लीक कर दिया है और जब इस तरह का कोई नेक्सस होता है, तो लीक हमेशा सिस्टम के अंदर से ही होता है. अभिभावकों ने हमेशा कहा है कि सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. अब सीबीआई जांच शुरू हो गई है.”
