IPL खेले इस खिलाड़ी ने मैच से पहले किया कोकीन का नशा, न्यूजीलैंड के इस प्लेयर पर लगा इतने साल का बैन

न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर डग ब्रेसवेल अपने करियर में कई बार विवादों में घिरे, वह एक बार फिर चर्चा में हैं. पिछले साल सितंबर में रूटीन ड्रग टेस्ट में फेल होने के बाद ब्रेसवेल पर 2 साल का बैन लगा दिया गया है. बता दें कि ड्रग टेस्ट में फेल होने के 2 महीने बाद उन्होंने इंटरनेशनल और डोमेस्टिक क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था. वह IPL में भी खेल चुके हैं.

डग ब्रेसवेल पर लगा बैन 24 नवंबर, 2025 से प्रभावी हो गया, जो 23 नवंबर, 2027 तक रहेगा. क्रिकेटर ने ये माना था कि उन्होंने मैच के दौरान कोकीन का नशा किया था. ये काउंटी चैंपियनशिप में एसेक्स बनाम समरसेट मैच की बात है. ब्रेसवेल एसेक्स के लिए खेलते थे.

रिपोर्ट के अनुसार चेम्सफोर्ड में खेले गए उस मुकाबले के पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद और दूसरे दिन का खेल शुरू होने से पहले ब्रेसवेल ने कोकीन का नशा किया था. इसके बाद भी वह मैच खेलने गए. उन्होंने पहली पारी में 2 और दूसरी पारी में 1 विकेट लिया था. इस मैच को उनकी टीम एसेक्स 7 विकेट से जीत गई थी.

इंग्लैंड के क्रिकेट रेगुलेटर ने डग ब्रेसवेल पर 2 साल का बैन लगाया है. एसेक्स ने भी इस फैसले का समर्थन किया. हालांकि उन्होंने अपने बयान में ये भी कहा कि वह ब्रेसवेल की रिहैबिलिटेशन में मदद करेंगे.