पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के प्रचार मंच से तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। गुरुवार को पांडबेश्वर में एक जनसभा के दौरान उनके भाषण में देश के मौजूदा ईंधन संकट का जिक्र हुआ। इसके साथ ही चुनाव आयोग की ओर से एसआईआर प्रक्रिया को संभालने के तरीके की भी आलोचना की गई। ममता ने भगवा खेमे(BJP) पर देश की जनता को लगातार परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रधानमंत्री पर तीखा हमला बोला और संसद में COVID-19 की स्थिति के बारे में उनकी हालिया टिप्पणियों का हवाला दिया। उनके अनुसार, मोदी सरकार एक बार फिर देश की जनता को कतारों में खड़ा होने पर मजबूर करने की तैयारी कर रही है।
गुरुवार चुनाव प्रचार के मंच से बोलते हुए ममता बनर्जी ने बीजेपी पर जानबूझकर लॉकडाउन जैसी स्थिति पैदा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मोदी शासन में गैस की कीमतें आसमान छू रही हैं। ममता ने कहा कि ये लोग हर मौके पर लोगों को कतारों में खड़ा कर देते हैं। नोटबंदी के दौरान इन्होंने सबको कतारों में खड़ा कर दिया था। अब ये एक और लॉकडाउन लगाने की बात कर रहे हैं। ये एक ‘अलर्ट’ सिस्टम पर विचार कर रहे हैं। जो कुछ हद तक लॉकडाउन जैसा ही होगा। ताकि सबको घरों में ही बंद रखा जा सके।
