भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया की घोषणा के बाद टी20 विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है। चयनकर्ताओं ने सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को भारत का नया टी20 कप्तान नियुक्त किया है। कप्तानी से हटाए जाने के बावजूद सूर्यकुमार यादव ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए टीम इंडिया को आगामी चुनौतियों के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर इंग्लैंड दौरे के लिए चुनी गई भारतीय टीम की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘इस बेहद प्रतिभाशाली समूह को आने वाली चुनौतियों के लिए ढेरों शुभकामनाएं।’
टीम की घोषणा के बाद बीसीसीआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सूर्यकुमार यादव के कप्तानी कार्यकाल की सराहना की। बोर्ड ने लिखा कि सूर्यकुमार ने शानदार नेतृत्व का उदाहरण पेश किया और उनके कार्यकाल का समापन भारत की ऐतिहासिक टी20 विश्व कप जीत के साथ हुआ। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने इस साल टी20 विश्व कप खिताब अपने नाम किया था। टीम इंडिया न सिर्फ लगातार दूसरी बार चैंपियन बनी, बल्कि अपने घरेलू मैदान पर टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम भी बनी।
