पंजाब की भगवंत मान सरकार ने विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र शुक्रवार, 30 अप्रैल को बुलाया है. पार्टी के पंजाब से 6 राज्यसभा सांसदों द्वारा बीजेपी में शामिल होने कुछ दिन बाद बुलाए जा रहे इस विशेष सत्र की राजनीतिक अहमियत भी बड़ी है.
ये सत्र सरकार के सूत्रों के मुताबिक अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस को समर्पित है. हालांकि इस सत्र में आम आदमी पार्टी विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव भी ला सकती है. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि वैसे तो सरकार के पास बहुमत है क्योंकि पार्टी के 94 विधायक हैं मगर अगर किसी को ये लगता है कि पार्टी के पास बहुमत नहीं है तो पार्टी विश्वास प्रस्ताव भी ला सकती है.
विश्वास प्रस्ताव के जरिए आम आदमी पार्टी उन अटकलों पर विराम लगाना चाहती है, जिनमें ये कहा जा रहा है कि पार्टी के बहुत सारे विधायक दूसरी राजनीतिक पार्टियों, खासकर बीजेपी में शामिल हो सकते हैं. हालांकि आम आदमी पार्टी नेताओं ने इन अटकलों को महज अफवाह बताया है और कहा है कि पार्टी के सारे विधायक एकजुट हैं.
वहीं बीजेपी ने आरोप लगाया है कि इस सत्र का असली मकसद विश्वास प्रस्ताव लाकर अगले 6 महीने के लिए सरकार को सुरक्षित करने का है क्योंकि आम आदमी पार्टी के अधिकांश विधायक पार्टी के साथ नहीं हैं.
