कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 अगस्त 2025 जनपद के रोडवेज बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में आज परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा डग्गामार (बिना अनुमति चलने वाले) वाहनों के विरुद्ध संयुक्त रूप से विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक कन्नौज श्री विनोद कुमार के निर्देशन में और क्षेत्राधिकारी यातायात कुलबीर सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
अभियान की अगुवाई प्रभारी यातायात आफाक खां ने की, जिनके साथ परिवहन विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक एमएल वर्मा एवं पीटीओ सुनीता सैनी भी शामिल रहे। संयुक्त टीम ने बस स्टैंड क्षेत्र में अनधिकृत रूप से चलने वाले वाहनों की सघन जांच की और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की।
इस दौरान रोडवेज बसों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे केवल निर्धारित स्टॉप पर ही सवारी चढ़ाएं-उतारें, अन्यथा उनके विरुद्ध भी आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। इसके साथ ही अनुबंधित बसों के लंबित चालानों को शीघ्र जमा करने के लिए निर्देशित किया गया। प्रभारी यातायात आफाक खां ने बताया कि डग्गामार वाहनों के संचालन से न केवल शासन को राजस्व की हानि होती है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है। ऐसे वाहनों के विरुद्ध आगे भी सख्त और नियमित कार्यवाही जारी रहेगी।इस अभियान में रोडवेज विभाग के कई अधिकारी, कर्मचारी और यातायात पुलिसकर्मी सक्रिय रूप से शामिल रहे। यह कार्रवाई शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और अवैध परिवहन गतिविधियों पर रोक लगाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
