सपा विधायक को अपने ही बूथ अध्यक्ष की ‘पसंद’ नागवार! मारपीट के आरोप…

आजमगढ़ के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी से जुड़ा कथित मारपीट का मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है. सपा के बूथ अध्यक्ष राहुल यादव ने विधायक नफीस अहमद के समर्थकों और अंगरक्षकों पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है. राहुल ने मामले की शिकायत महराजगंज थाने में की है और घटना से संबंधित वीडियो भी पुलिस को उपलब्ध कराया है.

राहुल यादव के मुताबिक, आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सोशल मीडिया पर सपा के संभावित प्रत्याशियों के नामों को लेकर एक सर्वे चल रहा था. इसमें उन्होंने मौजूदा विधायक नफीस अहमद के बजाय दूसरे सपा नेता को अपनी पहली पसंद बताया था. राहुल का आरोप है कि इसके बाद उन्हें फोन पर कथित तौर पर गाली-गलौज की गई.

राहुल ने बताया कि मामले को लेकर वह शुक्रवार को विधायक नफीस अहमद से सीधे बातचीत करना चाहते थे. शाम करीब पांच से छह बजे के बीच विधायक अपने समर्थकों और अंगरक्षकों के साथ सैदपुर पहुंचे थे. राहुल के अनुसार, उन्होंने विधायक से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें रोक दिया गया.

बूथ अध्यक्ष का आरोप है कि विधायक की मौजूदगी में उनके साथ गाली-गलौज की गई और मारपीट की गई. घटना के बाद राहुल यादव शनिवार को महराजगंज थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. उन्होंने पुलिस को कथित घटना का वीडियो भी सौंपा है.

Leave a Comment