सीतापुर:मछरेहटा की जर्जर विद्युत लाइन पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, अधीक्षण अभियंता ने दिए तत्काल सुधार के निर्देश, अधिकारियों को दी चेतावनी

मिश्रिख/ सीतापुर: विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक में मछरेहटा क्षेत्र की जर्जर विद्युत लाइन का मामला प्रमुखता से उठाया गया। बैठक में अधीक्षण अभियंता सीतापुर, अधिशासी अभियंता सिधौली, सिधौली टाउन एवं ग्रामीण, मछरेहटा टाउन एवं ग्रामीण, नैमिष टाउन एवं ग्रामीण के एसडीओ सहित संबंधित अधिकारी एवं जेई धर्मेंद्र कुमार मौजूद रहे।बैठक के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्युत कार्यों में सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा किसी भी कार्य में अनधिकृत या निजी (प्राइवेट) कर्मचारियों से कार्य न कराया जाए। सभी कार्य विभागीय नियमों एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप किए जाएं।इसी दौरान मछरेहटा क्षेत्र से पहुंचे ग्रामीणों ने अधीक्षण अभियंता एवं अधिशासी अभियंता को एक शिकायत पत्र सौंपते हुए बताया कि क्षेत्र की विद्युत लाइन लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। इसकी शिकायत कई बार जेई धर्मेंद्र कुमार तथा एसडीओ शैलेंद्र कुमार को लिखित रूप से दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।ग्रामीणों ने बताया कि जर्जर लाइन के कारण बार-बार फॉल्ट हो रहे हैं और ट्रांसफार्मर के फेज जल जाने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति लगातार बाधित रहती है। इससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अधीक्षण अभियंता सीतापुर एवं अधिशासी अभियंता सिधौली ने मछरेहटा क्षेत्र की जर्जर विद्युत लाइन के सुधार कार्य को शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही जेई धर्मेंद्र कुमार एवं एसडीओ शैलेंद्र कुमार को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में इस प्रकार की शिकायत दोबारा प्राप्त हुई तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।बैठक के दौरान मछरेहटा से आए ग्रामीणों में सत्य प्रकाश अवस्थी, विवेक गुप्ता, शादाब काजी, काजी बंटू, गौरव दीक्षित, सावेद, मिराज सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने अधिकारियों के आश्वासन पर जल्द कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई।

Leave a Comment