मिश्रिख/सीतापुर मछरेहटा के विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत संचालित बिहट कृषक फीडर पर लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। किसानों का आरोप है कि पिछले करीब 12 दिनों से खेतों तक सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं पहुंची है, जिससे फसलें सूखने लगी हैं और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।समस्या से परेशान होकर बिहट कृषक फीडर क्षेत्र के किसानों ने विद्युत विभाग के खिलाफ धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों का कहना है कि फीडर पर आए दिन बिजली संबंधी समस्याएं बनी रहती हैं, जिससे खेती-किसानी का कार्य प्रभावित हो रहा है और ग्रामीणों का जनजीवन भी अस्त-व्यस्त हो गया है।धरनारत किसानों ने आरोप लगाया कि शिकायत करने के लिए लाइनमैन एवं पावर हाउस के नंबरों पर संपर्क किया जाता है, लेकिन अधिकांश समय फोन नहीं उठाया जाता। किसानों का यह भी कहना है कि यदि कभी फोन उठ भी जाता है तो बाद में नंबर ब्लॉक कर दिया जाता है, जिससे समस्या का समाधान नहीं हो पाता।किसानों के अनुसार समय पर सिंचाई न होने से गन्ने की फसल लगभग 25 प्रतिशत तक सूख चुकी है और उसकी बढ़वार पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। किसानों ने विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।धरना स्थल पर कुछ किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो वे आत्मदाह जैसा कठोर कदम उठाने को मजबूर हो सकते हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।धरने में राहुल सिंह, रामू अवस्थी, ज्ञानेंद्र अवस्थी, चित्रसेन तिवारी, गयाप्रसाद, सुरेश, दीपेंद्र सिंह, राजा सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। एसडीओ शैलेंद्र वर्मा ने बताया जल्द से जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा
सीतापुर*12 दिनों से बाधित बिजली आपूर्ति पर फूटा किसानों का गुस्सा, विद्युत विभाग के खिलाफ धरना*
