Sunday, 04 October 2026 | 4:41 AM
उत्तर प्रदेश

गांधी-शास्त्री जयंती पर सम्यक पार्टी किसान सभा का आयोजन

Share:
गांधी-शास्त्री जयंती पर सम्यक पार्टी किसान सभा का आयोजन
Read in your preferred language.
मांडा (प्रयागराज)। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को ग्राम मझिगवां में सम्यक पार्टी की किसान सभा ने कार्यक्रम आयोजित कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक याद किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता/नेतृत्व पार्टी के प्रदेश महासचिव (संगठन) के.पी. शाक्य ने किया। इस दौरान गांधी और शास्त्री के जीवन, संघर्ष, विचारों तथा राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर चर्चा करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह को अपना हथियार बनाकर स्वतंत्रता आंदोलन को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ा। वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने अपने सरल जीवन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से सार्वजनिक जीवन में आदर्श स्थापित किया। उनका ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश देश की सुरक्षा और कृषि व्यवस्था में सैनिकों तथा किसानों के योगदान के महत्व को सामने लाता है।

कार्यक्रम में किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष विक्रमादित्य मौर्य, जिलाध्यक्ष राम अवध कुशवाहा, जिला सचिव राजेश्वर प्रसाद, राम गुलाब एवं डॉ. गोविन्द कुशवाहा, कोरांव विधानसभा सचिव इंद्रजीत कनौजिया, विधानसभा सचिव अशोक कुशवाहा, मुन्ना लाल कुशवाहा, कैलाशचंद्र एवं राम अनुज, सेक्टर अध्यक्ष शिव राम तथा सेक्टर सचिव शिव सहाय, जगदीश प्रसाद कुशवाहा एवं अमरजीत कुशवाहा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सम्यक पार्टी के बौद्धिक प्रकोष्ठ के जिला सचिव सुनील कुमार कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।

किसानों की समस्याओं और उनके हितों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करना सम्यक पार्टी के प्रमुख एजेंडे का हिस्सा है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने, कृषि को मजबूत बनाने तथा किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए प्रभावी नीतियां बनाए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

वक्ताओं ने कहा कि सम्यक पार्टी संगठन और विचारधारा दोनों स्तरों पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से कार्य कर रही है। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय, किसान हित, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, समता और समानता के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया गया।